प्रेरणास्पद व्यक्तित्व-भोजराम पटेल,IPS

वैसे हर किसी की सफलता के पीछे एक संघर्ष की कहानी छिपी होती है. लेकिन आज हम एक ऐसे अफसर के संघर्ष की कहानी आपको बताने जा रहे हैं जो न केवल युवाओं को प्रेरणा देने वाली है बल्कि दिल को झकझोर कर रखने वाली भी है. हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ के युवा आईपीएस अफसर भोजराम पटेल की. इन्होंने तमाम संघर्ष और चुनौतियों को मात देकर एक बड़ा मुकाम हासिल किया और आज छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के एसपी हैं. NDTV की सीनियर सब एडिटर अंबु शर्मा से हुई बातचीत में उन्होंने अपने संघर्षों की कहानी साझा की
भोजराम पटेल छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तारापुर गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता किसान और मां गृहिणी हैं. पिता ने सिर्फ चौथी कक्षा तक की ही पढ़ाई की है. सिर्फ खेती किसानी ही आय का जरिया रहा है.लेकिन माता-पिता ने अपने बेटे भोजराम को अच्छी शिक्षा दिलाने किसी तरह की कसर नहीं छोड़ी. भोजराम की प्रारंभिक से लेकर 12वीं तक की शिक्षा गांव की ही स्कूल में हुई. फिर ग्रेजुएशन के लिए वे रायगढ़ चले गए. साल 2005 को उनका चयन शिक्षाकर्मी वर्ग दो के लिए हुआ.
जब वे शिक्षाकर्मी की नौकरी में आए थे तब तक उन्हें यूपीएससी के बारे में जानकारी नहीं थी. इस नौकरी में 3820 रुपये की सैलरी थी. एक दिन किसी व्यक्ति ने शिक्षक की तुलना मजदूर से कर दी. इस बात ने दिल को झकझोर दिया. मेरे मन में विचार आया कि ऐसी कोई सी नौकरी हो जिसमें प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति से मिलने का मौका मिले. फिर मुझे यूपीएससी के बारे में पता चला. मैंने मां को सारी बात बताई. मां-पिता ने मेरा सपोर्ट किया. मैंने तय किया कि मुझे एक दिन बड़ा अफसर बनना है.
भोजराम पटेल के मन में कुछ कर गुजरने का जुनून आ गया था. 2005 से 2013 तक शिक्षाकर्मी की नौकरी की. इस समय दिन में बच्चों को पढ़ाता और रात को खुद स्टूडेंट बनकर सेल्फ स्टडी करता था. कोचिंग कर रहे कुछ दोस्तों से मदद भी ले लेता था. इस तरह से पढ़ाई की और साल 2013 को यूपीएससी की परीक्षा पास कर आईपीएस बना और मुझे होम कैडर मिला.
भोजराम ने अपने बचपन में गरीबी भी देखी. एक किस्सा बताते हुए वे खुद भावुक हो जाते हैं. खेती-किसानी पर ही परिवार निर्भर था. एक बार फसलों को काफी नुकसान हुआ था. ऐसे में घर में भोजन के लाले पड़ने लगे थे. चावल कम थे, मां जानती थीं कि उनका बेटे का पेट चावल के बिना नहीं भरता. ऐसे में मां सब्जी में मिर्च ज्यादा डालती थी कि पानी ज्यादा पीना पड़े इससे पेट भर जाए. इसके अलावा कई बार हालातों से लड़कर आगे बढ़ते रहे. मां पढ़ी-लिखी नहीं थीं फिर में हर तरह से सपोर्ट किया. उनके संघर्ष और सपोर्ट से ही मैंने बड़ा मुकाम हासिल किया.
भोजराम पटेल रायपुर, कांकेर, गरियाबंद, कोरिया, महासमुंद, बीजापुर के बाद अब मुंगेली में पदस्थ हैं. जहां रहे हैं वहां मजबूत पुलिसिंग के साथ ही नवाचारों के जरिए बदलाव लाने की भी कोशिश की है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए पहल, छइयां, सियान कार्यक्रम चलाकर लोगों से जुड़ने और बदलाव की कोशिश की है.
======================



